सड़क सुरक्षा को लेकर सोनभद्र पुलिस सख्त, हाईवे किनारे अवैध पार्किंग रोकने हेतु होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ हुई बैठक-

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने एवं राष्ट्रीय/राज्य राजमार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंहद्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रान्तर्गत बिच्छी स्थित एक होटल में स्टेट हाईवे के किनारे संचालित होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान होटल एवं ढाबा संचालकों को सड़क किनारे ट्रक, डंपर एवं अन्य भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए निर्देशित किया गया कि उनके प्रतिष्ठानों के बाहर किसी भी प्रकार के वाहन को इस प्रकार खड़ा न होने दें, जिससे यातायात बाधित हो अथवा दुर्घटना की संभावना उत्पन्न हो।
पुलिस अधिकारियों ने संचालकों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में होटल एवं ढाबा संचालकों से अपील की गई कि वे अपने यहां आने वाले वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने के लिए प्रेरित करें तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग न होने दें। पुलिस द्वारा समय-समय पर हाईवे किनारे विशेष अभियान चलाकर निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सोनभद्र पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा कर दुर्घटनाओं को बढ़ावा न दें। सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *