25 हजार का इनाम घोषित, पुलिस की टीमें तलाश में जुटी

पूर्वा टाइम्स सत्य प्रकाश यादव
गोरखपुर।खजनी वैभव वर्मा अपहरण-हत्या मामले में फरार चल रहे पांचवें अभियुक्त सतीश शर्मा के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं। यह मामला 27 जुलाई का है, जब खजनी कस्बे के सर्राफा कारोबारी हनुमान वर्मा के 10 वर्षीय बेटे वैभव वर्मा का अपहरण कर लिया गया था। फिरौती के लिए अपहरण के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। 28 जुलाई को पुलिस ने वैभव का शव मुख्य अभियुक्त सर्वेश शर्मा के घर के बेसमेंट से बोरी में बंधा हुआ बरामद किया था। सर्वेश, जो कि एक कंप्यूटर शिक्षक और पड़ोसी है, को इस मामले का मुख्य आरोपी बताया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त सहित परिवार के चार अन्य सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।फरार चल रहे अभियुक्त सतीश शर्मा की तलाश में खजनी पुलिस, क्राइम ब्रांच और एसओजी की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पिछले नौ दिनों में पुलिस टीमों ने देवरिया और गोंडा सहित कई जिलों में दर्जनों स्थानों पर छापेमारी की है, लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बुधवार, 5 अगस्त को उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किया गया और इनाम घोषित हुआ। माना जा रहा है कि वैभव वर्मा के परिजनों द्वारा मंगलवार शाम लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी से मिलकर कठोर कार्रवाई की गुहार लगाने के बाद प्रशासन ने यह सख्त रुख अपनाया है। क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर ने पुष्टि की है कि फरार वांछित अभियुक्त के खिलाफ एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किया गया है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।








