संस्कृत शिक्षक उत्थान समिति, उत्तर प्रदेश के बैनर तले मानदेय संस्कृत शिक्षकों का गोरखपुर मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

गोरखपुर । संस्कृत शिक्षक उत्थान समिति, उत्तर प्रदेश के बैनर तले गोरखपुर मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आज गोरखपुर प्रेस क्लब में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश एवं मंडल के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में मानदेय संस्कृत शिक्षकों ने सहभागिता कर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजीव कुमार मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय कुमार शुक्ल एवं प्रदेश संरक्षक तथा कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दिवाकर मिश्र का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रदेश मंत्री डॉ. दीपनारायण शुक्ल ने किया।
बैठक का मुख्य विषय मानदेय संस्कृत शिक्षकों का नियमितीकरण रहा। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के हजारों मानदेय संस्कृत शिक्षक वर्षों से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ शिक्षण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा मानदेय संस्कृत शिक्षकों के नियमितीकरण के संबंध में दिए गए आश्वासन को अब शीघ्र धरातल पर उतारने का समय आ गया है।
प्रदेश अध्यक्ष राजीव कुमार मिश्र ने कहा कि सरकार ने मानदेय संस्कृत शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया है, इसलिए अब नियमितीकरण की प्रक्रिया को बिना किसी विलंब के पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्कृत शिक्षक उत्थान समिति अपने सभी संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रयासों के माध्यम से नियमितीकरण की मांग को अंतिम परिणाम तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दिवाकर मिश्र ने कहा कि मानदेय संस्कृत शिक्षकों का नियमितीकरण केवल शिक्षकों के हित का विषय नहीं, बल्कि संस्कृत शिक्षा के संरक्षण और संवर्धन का भी प्रश्न है। उन्होंने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने की अपील की।
बैठक में सर्वसम्मति से मांग की गई कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा दिए गए आश्वासन को तत्काल क्रियान्वित करते हुए प्रदेश के सभी मानदेय संस्कृत शिक्षकों का नियमितीकरण किया जाए, ताकि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों को सम्मान, स्थायित्व और सामाजिक सुरक्षा प्राप्त हो सके।
बैठक के अंत में संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेकर मानदेय संस्कृत शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करेगी। संगठन ने यह भी संकल्प लिया कि नियमितीकरण होने तक आंदोलन एवं संगठनात्मक प्रयास पूरी मजबूती के साथ जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से शामिल हुए जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी क्रमशः आनंद पांडेय जिलाध्यक्ष गोरखपुर, तरुण तिवारी, अनिल मिश्रा, अरविंद उपाध्याय , विजय कुमार तिवारी (महामंत्री ) हरिओम शुक्ला, दीपक राम तिवारी, ज्योति सिंह ,नीलम तिवारी, सुषमा राय,ओमप्रकाश तिवारी की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *