संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के समन्वय पर जोर
अधिक प्रभावित गांवों में चलेगा विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान रू जिलाधिकारी
मानसून के दौरान सतर्कता बरतने एवं अभियान की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के द्वितीय चरण के सफल संचालन के संबंध में जनपद स्तरीय अंतरविभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम विकास, नगर निकाय, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, बाल विकास, खाद्य सुरक्षा, उद्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान अभियान की तैयारियों, विभागीय समन्वय, माइक्रोप्लान तथा जनजागरूकता गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के मौसम में संचारी एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन गांवों में संचारी रोगों का प्रभाव अधिक है, उन्हें चिन्हित कर वहां विशेष स्वच्छता अभियान, जल निकासी, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव तथा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, कचरा निस्तारण तथा लोगों को रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना अभियान की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा स्थानीय निकायों के माध्यम से जनसहभागिता बढ़ाने, अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सभी विभागों द्वारा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा ने अभियान की रूपरेखा एवं तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









