स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उपमुख्यमंत्री से मिले समाजसेवी प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा तहसील अंतर्गत विकास खंड क्षेत्र में ग्राम सभा डोहरिया कला एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर समाजसेवी शुभम पाण्डेय ने राजधानी लखनऊ स्थित 9, राजभवन कॉलोनी में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए बताया गया कि डोहरिया कला और आसपास के हजारों ग्रामीण आज भी समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। सामान्य उपचार से लेकर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए लोगों को दूर-दराज के अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
समाजसेवी शुभम पाण्डेय ने ज्ञापन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें डोहरिया कला स्थित बंद पड़े स्वास्थ्य उपकेंद्र का पुनर्जीवन एवं आधुनिकीकरण, 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा की स्थायी व्यवस्था, युवाओं के लिए आधुनिक युवा संसाधन एवं कौशल विकास केंद्र की स्थापना तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 50 बेड के आधुनिक अस्पताल की स्थापना शामिल है।
इसके साथ ही स्वास्थ्य उपकेंद्र पर नियमित चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती, रक्तचाप और मधुमेह जांच, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाएं, बच्चों के टीकाकरण, पैथोलॉजी जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
समाजसेवी शुभम पाण्डेय ने बताया कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जनहित से जुड़े इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर शुभम पाण्डेय के साथ उनके छोटे भाई सूर्यांश शाही भी उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने उपमुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और त्वरित पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही डोहरिया कला को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *