अंधियारी बाग में भाजपा नेता के भाई ने किया सड़क पर तांडव

महिला और उसके परिवार पर हमले का आरोप, सीसीटीवी फुटेज वायरल
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के अंधियारीबाग इलाके में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक भाजपा नेता के भाई पर महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।पीड़िता नीलम सोनकर के अनुसार, बुधवार दोपहर नगर निगम की टीम नाले पर रखे स्लैब को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी युवक वहां आया और परिवार के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी देने लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और कुछ ही देर में आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने लोहे की चेन की सीकड़ से महिला और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है और इसी को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।घटना की जानकारी मिलने पर तिवारीपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज और पीड़िता की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।








