पीएसी वाहन की टक्कर से नौसढ़ में बाइक सवार दो युवकों की मौत

नौसड़-राजघाट पुल के बीच हुआ हादसा,शव रखकर प्रदर्शन
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। गीडा क्षेत्र में नौसड़ से राजघाट पुल के बीच बृहस्पतिवार देर शाम उल्टी दिशा से जा रहे पीएसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार राप्ती नदी के किनारे बाढ़ राहत प्रशिक्षण के लिए पीएसी की एक टीम गई थी। शाम को टीम के सदस्यों को लेने पीएसी का वाहन नौसड़ की ओर से वहां जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जल्दी पहुंचने के चक्कर में वाहन उल्टी दिशा से जाने लगा। तभी शहर की ओर से एक ही बाइक पर जा रहे बहरामपुर निवासी महेंद्र के बेटे 22 वर्षीय अमित निषाद और अमरूद मंडी निवासी राजधारी के बेटे 17 वर्षीय राज निषाद उसकी चपेट में आ गए।हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मजदूरी कर परिवार चलाते थे। इस संबंध में एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया पीएसी वाहन में चालक सहित चार जवान बैठे थे वह बाढ़ बचाव के लिए तिकोना बंधें की तरफ जा रहे थे, अचानक ब्रेक लगने के कारण यह हादसा हुआ।








