वंदन योजना के प्रस्तावों की हुई समीक्षा बैठक

धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के निर्देश

ऑडिटोरियम एवं स्मार्ट रोड निर्माण हेतु भूमि चयन के निर्देश

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र, 08 जून 2026। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में नगरीय निकायों में संचालित वंदन योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), विभिन्न नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), सूचना विभाग एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में नगर पंचायत घोरावल, दुद्धी, पिपरी, रेनुकूट एवं चुर्क-घुर्मा द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। बैठक में विभिन्न मंदिरों एवं पौराणिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु यात्री शेड, हाल, संपर्क मार्ग एवं अन्य अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयनित ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ शासनादेश के अनुरूप सौंदर्यीकरण कार्य भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने वास्तुविदों से परामर्श लेकर तीन दिवस के भीतर और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सीएसआर, विधायक निधि एवं अन्य मदों से धनराशि उपलब्ध कराने हेतु प्रयास करने को कहा। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को नगर पालिका परिषद सोनभद्र क्षेत्र में एक आधुनिक ऑडिटोरियम तथा स्मार्ट रोड के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि एवं सड़क का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं एवं जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे विकासात्मक कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे नगर क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो सके और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *