आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त, जल निगम ग्रामीण का वेतन रोका.पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने जल निगम (ग्रामीण) सोनभद्र के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता समेत समस्त स्टाफ के जून माह के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा में पाया गया कि कई मामलों में शिकायतकर्ता की संतुष्टि प्राप्त किए बिना ही आख्या अपलोड कर शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जिससे असंतुष्ट फीडबैक की संख्या लगातार बढ़ रही है। डीएम ने इसे शासन की मंशा के विपरीत बताते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि असंतुष्ट फीडबैक में कमी नहीं आई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई एवं निलंबन की संस्तुति भी की जाएगी। वहीं तहसील दूद्धी में शिकायत निस्तारण में लापरवाही मिलने पर तहसीलदार दूद्धी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *