जमीन पर जबरदस्ती रास्ता निकालने और जान से मारने की धमकी से परेशान किसान पहुंचा समाधान दिवस

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवां गोरखपुर। सहजनवां तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर जमीन विवाद का एक दर्दनाक मामला सामने आया। मौजा टंडवा कला, निवासी भजुराम पुत्र कतवारु ने तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर गांव के दबंगों पर अपनी जमीन में जबरदस्ती रास्ता निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। प्रार्थी भजुराम के मुताबिक उनकी पैतृक जमीन मौजा टंडवा कला में स्थित है। इसी गांव के राजबली, भिखारी पुत्र चंदर और परशुराम पुत्र चंदर जबरदस्ती उनकी जमीन पर रास्ता निकालने का प्रयास कर रहे हैं। जब भजुराम ने इसका विरोध किया तो विपक्षीगण भड़क गए और खुलेआम जान से मारने की धमकी देने लगे।
पीड़ित किसान का कहना है कि दबंगों का साफ शब्दों में कहना है ।जो होगा देख लेंगे, जमीन पर रास्ता तो निकलेगा ही। इस धमकी से भजुराम और उनका परिवार दहशत में जीने को मजबूर हैं।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र सौंपते समय भजुराम ने तहसीलदार से गुहार लगाई कि उनकी जमीन पर जबरदस्ती कब्जा और रास्ता निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने विपक्षीगण के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो और किसान अपनी जमीन पर शांति से खेती कर सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहजनवां तहसीलदार ने प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेते हुए संबंधित लेखपाल और राजस्व टीम को मौके की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार ने भजुराम को आश्वस्त किया कि समाधान दिवस का उद्देश्य ही पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है, इसलिए मामले में विधिक कार्रवाई अवश्य होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन पर रास्ते और कब्जे को लेकर विवाद तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की त्वरित पहल से ही किसान अपनी जमीन और जान-माल की रक्षा कर सकते हैं।
अब सबकी नजरें राजस्व टीम की जांच रिपोर्ट और तहसील प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *