लाइनमैन पर भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप, जांच की मांग

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा तहसील अंतर्गत विकास खंड पाली क्षेत्र स्थित के पाली विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन चन्द्रशेखर सिंह उर्फ कालू सिंह के खिलाफ ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोप है कि वह पिछले लगभग 10 वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात रहकर मनमानी कर रहा है और अपने कार्यों में लापरवाही बरत रहा है।
शिकायतकर्ता देवानन्द शुक्ल, जिला मंत्री द्वारा मुख्य अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड गोरखपुर को भेजे गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि लाइनमैन चन्द्रशेखर का व्यवहार उपभोक्ताओं के प्रति अत्यंत अभद्र है। जब भी लोग बिजली संबंधी समस्या को लेकर उसके पास जाते हैं, वह अपशब्दों का प्रयोग करता है और धमकी देता है।
इसके साथ ही यह भी आरोप है कि नया कनेक्शन जोड़ने, मीटर बदलने या फॉल्ट ठीक करने के नाम पर वह अवैध रूप से धन उगाही करता है। इस कारण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आम उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है।
शिकायत की प्रति प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को भी भेजी गई है, जिसमें मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी लाइनमैन के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं, प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही जांच कर उचित कदम उठाए जाएंगे, जिससे बिजली व्यवस्था में सुधार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *