चिलुआताल क्षेत्र में एसपी उत्तरी का पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण, अधिकारियों को सख्त सतर्कता व प्रभावी पुलिसिंग के निर्देश।

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

गोरखपुर।कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र ने थाना चिलुआताल क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौराहों तथा संवेदनशील इलाकों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान एसपी उत्तरी ने पुलिस की सक्रियता, ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की मुस्तैदी तथा यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित गश्त बढ़ाएं और क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। उन्होंने कहा कि अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की निरंतर उपस्थिति और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
एसपी उत्तरी ने यह भी निर्देश दिया कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़भाड़ न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और पुलिस की त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या या शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और रात्रि गश्त को भी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह, थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एसपी के निर्देशों का पालन करते हुए क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *