18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान, जिला निर्वाचन अधिकारी ने डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ की बैठक
युवा मतदाताओं के पंजीकरण में महाविद्यालयों की भूमिका महत्वपूर्ण, छात्र-छात्राओं को फॉर्म-6 भरने के लिए करें प्रेरित
17 नवम्बर तक पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने का लक्ष्य
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों एवं प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सभी महाविद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय अपने यहां अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं को फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें, जिससे उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके।
उन्होंने कहा कि सभी महाविद्यालय अगले दो-तीन दिवस में अपने यहां अध्ययनरत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं का डेटाबेस तैयार कर लें तथा 17 नवम्बर, 2026 तक उनके फॉर्म-6 संकलित कर जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा संबंधित उप जिलाधिकारी के निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करा दें, जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि छात्र/छात्रा का नाम जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकें उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो गया है किसी छात्रा/छात्रा का नाम नहीं छुटा इसका प्रमाण पत्र प्रधानाचार्य उपलब्ध करायेगें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए कहा कि महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, समस्त उप जिलाधिकारीगण तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित जनपद के विभिन्न डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य एवं प्रबंधक उपस्थित रहे।

