ऑपरेशन मुस्कान से लौटी मासूम के चेहरे पर खुशियां, 5 घंटे में चार वर्षीय बच्चे को परिजनों से मिलाया.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -कभी-कभी पुलिस की तत्परता किसी परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी बन जाती है। ऐसा ही एक मामला कोन थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां लावारिस हालत में मिले करीब चार वर्षीय मासूम बच्चे को कोन पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। बच्चे के घर पहुंचने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। जानकारी के अनुसार, रविवार 1 नवंबर को थाना कोन क्षेत्र में करीब चार वर्षीय बच्चा अकेले घूमता हुआ मिला। कम उम्र होने के कारण बच्चा अपना नाम-पता और घर का पता बताने में असमर्थ था। बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसे संरक्षण में लिया और परिजनों की तलाश शुरू कर दी। बच्चे की पहचान कराने के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई। सीसीटीवी फुटेज और लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ग्राम देवतन पहुंची। वहां बच्चे की तस्वीर दिखाकर पूछताछ करने पर पता चला कि वह गांव निवासी सद्दाम हुसैन का पुत्र है।
इसके बाद पुलिस ने आवश्यक तस्दीक और पहचान की प्रक्रिया पूरी कर मासूम को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने सोनभद्र पुलिस और कोन थाना पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत हुई इस कार्रवाई से पुलिस की त्वरित कार्यशैली सामने आई है। सोनभद्र पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को सार्वजनिक स्थानों पर अकेला न छोड़ें। किसी भी बच्चे के लावारिस अवस्था में मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

