विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विभागवार लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश

महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर दें विशेष जोर, जेंडर रेशियो में सुधार के लिए चलाएं अभियान

18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाएं अधिकारी – जिलाधिकारी

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर संचालित होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की तैयारियों के संबंध में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित अन्य पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों से पूर्व ही सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभाग से जुड़े पात्र नए मतदाताओं की संख्या का आकलन कर विभागवार लक्ष्य निर्धारित करें। पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करते हुए फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित किया जाए तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने विशेष रूप से महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर देते हुए कहा कि मतदाता सूची में जेंडर रेशियो में सुधार के लिए पात्र महिलाओं के नाम जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को समावेशी, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अभियान की सफलता के लिए विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, डीसी एवं खंड विकास अधिकारी रविंद्र सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *