290.50 करोड़ रुपये से सोनभद्र में बिछेगा सड़कों का जाल, औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार

योगी सरकार की औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत 13 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया

चुर्क सीमेंट फैक्ट्री तक भारी वाहनों की आवाजाही होगी आसान, आमजन को भी मिलेगी आवागमन में राहत

सड़कों के निर्माण के संबंध में जिलाधिकारी ने शासन को भेजा प्रस्ताव

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र। औद्योगिक विकास को गति देने और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार सोनभद्र में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर जोर दे रही है। औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत जिले में 13 सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव जिला प्रशासन ने शासन को भेजे हैं। यह प्रस्ताव औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, भारी वाहनों के सुगम आवागमन और स्थानीय लोगों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती भी मिलेगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि औद्योगिक जरुरतों और स्थानीय आवागमन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। किरहुलिया से महुली विहार बॉर्डर तक 12 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 47.76 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, चेरुई से मारकुंडी जूनियर हाईस्कूल तक 6.4 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 24.32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। खड़िया से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग तक आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिस पर 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।
चुर्क में दो फोरलेन लिंक रोड बनाने का प्रस्ताव
औद्योगिक परिवहन को सुगम बनाने के लिए चुर्क क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण फोरलेन लिंक रोड के निर्माण की योजना है। 4.9 किलोमीटर लंबी चुर्क सीमेंट फैक्ट्री लिंक रोड के लिए 49.95 करोड़ रुपये और 4.84 किलोमीटर लंबी चुर्क-भिलाई बंधी रोड के लिए 49.85 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इन सड़कों के निर्माण से चुर्क सीमेंट फैक्ट्री तक भारी वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। इससे औद्योगिक परिवहन में लगने वाले समय और परिचालन संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद मिल सकती है।
59 करोड़ से पटवध-बसुहारी मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव
इसके अतिरिक्त 31 किलोमीटर लंबे पटवध-बसुहारी मार्ग के निर्माण के लिए 58.88 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। बर्दिया लिंक रोड के लिए 12 करोड़ रुपये, बिल्ली मारकुंडी स्थित तेज स्टोन क्रेशर प्लांट से विजय आईटीआई तक सड़क निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये तथा मीना बाजार घुरमा फीडर से मारकुंडी के कुनियांव टोला तक 7.5 किलोमीटर सड़क के लिए 15.99 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
डाला क्षेत्र में भी सड़क संपर्क बेहतर करने की योजना है। यहां एक किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा बग्गा नाला से डिग्री कॉलेज रोड तक लगभग 3.5 किलोमीटर सड़क के लिए 80 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। नधिरा से बखिरवा तक 10 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 1.60 करोड़ रुपये और ओबरा में एक अन्य सड़क के निर्माण के लिए 35 लाख रुपये का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।
चार स्वीकृत प्रस्तावों पर जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में भेजे गए सड़क निर्माण के चार प्रस्तावों को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि एक अन्य प्रस्ताव स्वीकृति की प्रक्रिया में है। जिन सड़कों को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है, उनका निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। योगी सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप सड़क नेटवर्क का विस्तार सोनभद्र में औद्योगिक गतिविधियों, माल परिवहन और आमजन की आवाजाही को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। बेहतर सड़क संपर्क से औद्योगिक इकाइयों को परिवहन सुविधा मिलने के साथ स्थानीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और जिले के आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *