नहरों की सिल्ट सफाई निर्धारित रोस्टर के अनुसार कराएं, गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं- जिलाधिकारी

15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कराई जाएगी नहरों की सफाई

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार स्थित जनसुनवाई कक्ष में नहरों की सिल्ट सफाई के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य निर्धारित रोस्टर एवं स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार कराया जाए तथा सफाई कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर के बीच निर्धारित रोस्टर एवं स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नहरों एवं ड्रेनों की सिल्ट सफाई कराई जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को खेतों की सिंचाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो। नहरों एवं ड्रेनों की समुचित सफाई सुनिश्चित होने से जल प्रवाह सुचारु रहेगा तथा जल निकासी में आने वाली बाधाओं को दूर करने में भी सहायता मिलेगी।
नहरों की सफाई में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर
बैठक में नहरों एवं ड्रेनों की सिल्ट सफाई की प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल एवं जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया। शासन की प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार नहरों, रजवाहों एवं ड्रेनों की सफाई विभागीय बजट से तथा छोटी नहरों (अल्पिकाओं) की सफाई मनरेगा के माध्यम से कराए जाने का प्रावधान है। मनरेगा के अंतर्गत अल्पिकाओं की सफाई में मशीनों का प्रयोग नहीं किया जाएगा तथा कार्य जॉब कार्ड धारकों के माध्यम से कराया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों की निगरानी एवं अभिलेखों का संधारण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप नहरों की सफाई का कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके और कृषि कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अधिशासी अभियंता, बंदी प्रखंड उमेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *