पोषण माह-2026 का जनपद स्तरीय समापन समारोह सम्पन्न

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र, 06 अक्टूबर 2026। बाल विकास पुष्टाहार विभाग, सोनभद्र द्वारा पोषण माह-2026 का जनपद स्तरीय समापन समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सदर भूपेश चौबे तथा विशिष्ट अतिथि महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा सिंह एवं जिला मंत्री गुड़िया त्रिपाठी रहीं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, सोनभद्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी, सोनभद्र विनीत कुमार सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी चतरा दीनानाथ द्विवेदी, चोपन दिलीप वर्मा एवं दुद्धी मनोज सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के प्रमुख आकर्षण हेल्दी बेबी शो, रंगोली एवं पोषाहार से निर्मित रेसिपी प्रतियोगिताएं रहीं। हेल्दी बेबी शो में प्रथम कुमारी (राबर्ट्सगंज शहर), द्वितीय दिव्यांशी (ओबरा शहर) एवं तृतीय मास्टर शिवांश (राबर्ट्सगंज ग्रामीण) रहे।
रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम राबर्ट्सगंज शहर, द्वितीय एवं तृतीय राबर्ट्सगंज ग्रामीण तथा रेसिपी प्रतियोगिता में प्रथम राबर्ट्सगंज ग्रामीण, द्वितीय शहर, तृतीय राबर्ट्सगंज ग्रामीण एवं चतुर्थ शहर परियोजना रही।
अतिथियों ने विभाग द्वारा पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं कुपोषण उन्मूलन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से सुपोषित सोनभद्र एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु जनभागीदारी को और सशक्त करने का संदेश दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, सोनभद्र
विनीत कुमार सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *