ओबरा डैम में मिला छह दिन से लापता युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी.

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जुगैल थाना क्षेत्र के गोठानी निवासी 24 वर्षीय हिमांशु मिश्रा के छह दिन तक लापता रहने के बाद ओबरा डैम से शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता सुरेंद्र मिश्रा के अनुसार उनका बेटा 25 सितंबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे घर से चोपन जाने के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी हिमांशु का पता नहीं चला, जिसके बाद जुगैल थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई। करीब छह दिन बाद 1 अक्टूबर को हिमांशु का शव ओबरा डैम से बरामद हुआ। शव मिलने की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता सुरेंद्र मिश्रा ने अपने बयान में बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने अपने पटीदारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। उनका आरोप है कि इसी विवाद के सिलसिले में हिमांशु को कथित तौर पर अगवा कर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं गोठानी निवासी और मृतक के चाचा बताए जा रहे बिजेंद्र मिश्रा ने भी परिवार के बीच पुराने विवाद का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने एक मामले में उनके घर की बच्ची को जेल भेजा गया था और बाद में विवेचना दोबारा शुरू हुई। उनका कहना है कि विवेचना के नाम पर पुलिसकर्मी हिमांशु को बार-बार बुलाते थे और परेशान करते थे। बिजेंद्र मिश्रा ने जुगैल थाने के एक दरोगा पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी भूमिका की जांच की मांग की। हालांकि, सीओ ने दरोगा पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हिमांशु की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *