बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत मेहंदी प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मेहंदी के रंगों के साथ बेटियों के अधिकारों और सुरक्षा का दिया संदेश

कन्या सुमंगला सहित महिला कल्याण योजनाओं की दी गई जानकारी

संविलियन विद्यालय चकया में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो

सोनभद्र -जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार संविलियन विद्यालय चकया, नगवां सोनभद्र में सितंबर माह के अंतर्गत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत मेहंदी प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर से दीपिका सिंह, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा एवं चाइल्ड हेल्पलाइन से सीमा शर्मा द्वारा छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित जनमानस को विभिन्न योजनाओं एवं महिला-बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में सुन्दरपरी, कक्षा-8 ने प्रथम, अंजना, कक्षा-7 ने द्वितीय तथा खुशी, कक्षा-8 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें टीम द्वारा सम्मानित किया गया। उपस्थित छात्राओं एवं जनमानस को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रपत्र एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया। साथ ही उपस्थित अध्यापकों से अपील की गई कि वे अपने क्षेत्र के पात्र लोगों को अधिक से अधिक आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।
इसके अतिरिक्त बाल विवाह एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के संबंध में जागरूक किया गया तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सहायता हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान योजनाओं एवं जागरूकता से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य चिंतामणि सिंह, सहायक अध्यापक अरुणेश चंद्र पांडेय, प्रभात कुमार एवं संतोष कुमार सहित कुल 158 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *