श्रमिक संघ ने प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवां गोरखपुर।महावीर सिंटेक्स मिल के श्रमिक संघ ने प्रबंधन के विरुद्ध गुरुवार को तहसील पर प्रदर्शन किया। मांगों को लेकर पत्रक एसडीएम को दिए। संघ ने वेतन निर्धारण, ड्यूटी, स्थायीकरण, पीएफ- ईएसआई और ग्रेच्युटी समेत कई मांगों का समाधान नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी।
महावीर सिंटेक्स मिल श्रमिक संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता का कहना है कि शासन के श्रम विभाग की ओर से 17 अप्रैल 26 को पत्र जारी कर मिल कर्मचारियों के वेतन निर्धारण की प्रक्रिया किए जाने की बात थी, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। संघ ने इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ने का दावा किया है।संघ ने यह भी आरोप लगाया कि निर्धारित समय पर ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी श्रमिकों को रोका जाता है और ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता। मानक से अधिक मशीन चलाने का दबाव बनाने तथा विरोध करने पर मानसिक प्रताड़ना देने का दावा भी नोटिस में किया गया है। संघ ने अकुशल श्रेणी का भुगतान किए जाने और वेतन पर्ची नहीं देने का भी आरोप लगाया है। नोटिस में कहा गया है कि सभी कर्मचारियों को प्रत्येक शिफ्ट में समान रूप से ड्यूटी नहीं दी जा रही है। पुराने कर्मचारियों को ड्यूटी से वापस भेजने और उन्हें स्थायी नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा पीएफ और ईएसआई का हिसाब उपलब्ध नहीं कराने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी का भुगतान लंबित होने की बात कही गई है। अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। इस दौरान मंत्री विजय सिंह भी मौजूद रहे।

