तिरंगा महोत्सव में देशभक्ति के रंग में रंगा सोनभद्र
स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल चुर्क में तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
रंगोली, प्रदर्शनी व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
तिरंगा देश की आन-बान-शान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक-मा0 प्रभारी मंत्री जी
हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रप्रेम को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम-मा0 समाज कल्याण मंत्री जी
तिरंगा करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक-सदर विधाक
तिरंगे का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व, जनपदवासी उत्साहपूर्वक अभियान से जुड़ें-जिलाधिकारी
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत आज हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, चुर्क में तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला एवं तिरंगा प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। तिरंगे के रंगों से सजे परिसर में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, आकर्षक रंगोली एवं प्रदर्शनी ने राष्ट्रप्रेम का अद्भुत वातावरण बनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा राज्य मंत्री सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग उत्तर प्रदेश शासन, विशिष्ट अतिथि संजीव कुमार गोंड राज्य मंत्री समाज कल्याण अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, अजीत सिंह खरवार उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, सदर विधायक भूपेश चौबे, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के शुभारंभ पर अतिथियों ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार रंगोली एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। बच्चों ने अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से तिरंगे, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। तिरंगा महोत्सव कार्यक्रम में हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, डीएवी स्कूल, बेसिक विद्यालय रौंप, समाज कल्याण विभाग के आश्रम पद्धति विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अभियान के प्रथम एवं द्वितीय चरण में विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग, रंगोली, प्रदर्शनी, वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान के साथ देश की एकता, अखंडता एवं स्वाभिमान का प्रतीक है। यह हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति कर्तव्य की भावना विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर अभियान में उत्साह के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया।
राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के नीचे हम सभी एक हैं और यही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रप्रेम के सूत्र में जोड़ रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से तिरंगे की गरिमा एवं सम्मान सदैव बनाए रखने और परिवार व आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित भारत के उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, त्याग, संघर्ष और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर पर फहराता तिरंगा राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं समर्पण को प्रदर्शित करता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन को राष्ट्र के गौरव, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्रीय कर्तव्यों से जोड़ने का अभियान है। तिरंगा प्रत्येक नागरिक को एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने की प्रेरणा देता है। जिलाधिकारी ने कहा कि तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व एवं गरिमा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ ध्वज संहिता का पालन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने की अपील की।
तिरंगा महोत्सव में रंगोली, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता की भावना को और सुदृढ़ किया।









