भारतीय जनता पार्टी ओबरा मण्डल के तत्वाधान में निकाली गई तिरंगा यात्रा, गूंजा भारत माता की जय का जयघोष
( भाजपा ओबरा मंडल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल )
पूर्वा टाइम्स – भोला प्रसाद गुप्ता
ओबरा, सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ओबरा मंडल के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल की अध्यक्षता में प्रातः 11 बजे राम मंदिर प्रांगण से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा के मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री संजीव गौंड तथा विशिष्ट अतिथि ओबरा मंडल प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव रहे। अतिथियों के नेतृत्व में निकली यात्रा राम मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर तिराहा, सुदामा पाठक आवास होते हुए पुनः राम मंदिर प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं एवं शिक्षा निकेतन स्कूल के छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ नगर के नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
पूरे यात्रा मार्ग में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देते हुए सभी ने देश की आन, बान और शान तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
भव्य तिरंगा यात्रा के समापन पर उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता दिवस की भावना को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।









