मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
मत्स्य पालकों, महिलाओं, युवाओं एवं उद्यमियों से समय रहते आवेदन करने की अपील
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 05 अगस्त, 2026 कर दी गई है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित थी।
सहायक निदेशक मत्स्य आधिकारी शुभम कश्यप ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नवीन तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख एवं दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं। जनपद के मत्स्य पालकों, मत्स्य कृषकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय से अपना आवेदन अवश्य करें।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, विकास भवन, सोनभद्र अथवा मत्स्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश के हेल्पलाइन नंबर 0522-2740270 पर संपर्क कर सकते हैं।








