जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सीएचसी की सभी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश-मुख्य विकास अधिकारी –
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी़ ने जनपद के समस्त चिकित्सा अधीक्षकों (एमओआईसी) को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अनिवार्य है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आई०सी०डी०एस० विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के जनपद एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में होने वाली सभी डिलीवरी की प्रभावी ट्रैकिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि डिलीवरी सरकारी चिकित्सालयों में हो रही है अथवा निजी अस्पतालों में। सभी आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की जानकारी संकलित कर उनसे नियमित संपर्क बनाए रखने तथा संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक स्वास्थ्य इकाई पर साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाये तथा जो कर्मी साफ-सफाई के लिये नियुक्त किया गया है उसके कार्यों में लापरवाही पायी जाती है तो चयनित एजेंसी को सूचित कर तत्काल हटाये जाने की प्रक्रिया प्रारम्भ किया जाये। लक्ष्य के सापेक्ष ए०एन०सी० पंजीकरण एवं प्रसव की समीक्षा आशा एवं ए०एन०एम० स्तर पर करते हुए स्थिति में सुधार लाया जाये। प्रत्येक माह हुए मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु की आडिट कराते हुए लाईन लिस्ट एवं आडिट रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत करें। डी०पी०ओ० आई०सी०डी०एस० को निर्देशित किया गया कि आर0बी0एस0 के टीम द्वारा नियमित रूप से आशा आगनबाड़ी केन्द्रों का भ्रमण कर बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण कराया जाय। इस मौके मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमेश मिश्रा, ए0 सी0एम0ओ0 गुलाब शंकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित रहें।









