कृषि मंत्री ने किया नवनिर्मित अटल बिहारी वाजपेई सभागार का लोकार्पण, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

पूर्वा टाइम्स। सोनू गोंड
देवरिया। पथरदेवा ब्लाक परिसर में शनिवार को नवनिर्मित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई सभागार का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर सभागार एवं आवासीय भवन का लोकार्पण किया। इस परियोजना के अंतर्गत आवासीय भवन का निर्माण ₹127.22 लाख तथा सभागार कक्ष का निर्माण ₹298.50 लाख की लागत से कराया गया है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के आदर्श, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की सोच आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह सभागार प्रशासनिक बैठकों, सामाजिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश शाही ने की, जबकि संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने किया। समारोह में ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार, नगर पंचायत पथरदेवा अध्यक्ष क्रांति सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, संजीत धर द्विवेदी, ब्लाक प्रमुख तरकुलवा रामशीष गुप्ता, भीम यादव, रंजन श्रीवास्तव, विवेक राय, अरविंद राय, अनिल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।








