15 दिन बाद बदला ट्रांसफार्मर, गांव में लौटी रोशनी; ग्रामीणों के चेहरों पर दिखी खुशी
पूर्वा टाइम्स -बेचन
सहजनवा गोरखपुर।सहजनवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा भीमापार के केशोकुरहा गांव में पिछले 15 दिनों से जले ट्रांसफार्मर के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ था। लगातार प्रयास और ग्रामीणों की मांग के बाद शनिवार को नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया, जिससे गांव में एक बार फिर बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। बिजली आते ही ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण पिछले दो सप्ताह से गांव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बिजली न होने से घरों में अंधेरा पसरा रहता था, भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बंद पड़े थे। साथ ही पानी की मोटर नहीं चलने से पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई थी। मोबाइल चार्ज करने से लेकर अन्य घरेलू उपकरणों के उपयोग तक में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण गोविंद, पिंटू, रामभवन, रामकृपाल, संदीप और संतोष ने बताया कि गांव के लोगों ने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की थी। लगातार प्रयासों के बाद शनिवार को नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, जिससे पूरे गांव में फिर से बिजली आपूर्ति शुरू हो गई।
बिजली बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और एक-दूसरे को बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद गांव में रोशनी लौटने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने बिजली विभाग से भविष्य में ऐसी समस्याओं के त्वरित समाधान की भी मांग की है, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े।








