गंगवल में चला वृक्षारोपण अभियान, ग्रामीणों ने किया वृक्षारोपण
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। ग्राम सभा गंगवल के ग्राम पांडेपार में वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। ग्राम पंचायत भवन सहित ग्राम सभा के विभिन्न स्थानों पर पाकड़, गूलर सहित कई प्रजातियों के पेड़-पौधे लगाए गए। यह वृक्षारोपण अभियान ग्राम प्रधान श्रीराम एवं ग्राम सचिव देवीदयाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी सहभागिता की। ग्रामीणों ने पौधों को संरक्षित करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीराम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान ग्राम सभा की जमीनों पर उनके द्वारा अब तक काफी संख्या में पेड़-पौधे लगाए गए हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण मिल सके। ग्राम प्रधान ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सभी लोग अपने आसपास कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी लें।वृक्षारोपण अभियान के दौरान ग्रामीणों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम सभा में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

