थाना समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

पूर्वा टाइम्स ब्यूरो, संत कबीर नगर।
जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना समाधान दिवस के अवसर पर संयुक्त रूप से थाना कोतवाली खलीलाबाद पहुंचकर पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित मामलों का समाधान आपसी समन्वय के साथ किया जाए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पंजिका का भी निरीक्षण किया तथा पूर्व में निस्तारित शिकायतों के संबंध में फरियादियों से फीडबैक लेकर उनके निस्तारण की गुणवत्ता का जायजा लिया।
थाना समाधान दिवस के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।








