रेणुकूट में भीषण सड़क हादसा हिंडालको पेट्रोल पंप के पास कार और बाइक में टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल, डब्लू सिंह की टीम ने पहुँचाया अस्पताल
टीम निशा बबलू सिंह ने देवदूत बनकर बचाई जान
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -रेणुकूट, 28 जून 2026) औद्योगिक नगरी रेणुकूट में आज शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हिंडालको पेट्रोल पंप के ठीक सामने एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना आज शाम लगभग 4:45 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त विवरण के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए दोनों युवक स्थानीय नॉशनेस रेस्टोरेंट में कार्यरत हैं और शाम को ड्यूटी के सिलसिले में जा रहे थे। घायलों में से एक युवक की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे घायल युवक के नाम का तत्काल पता नहीं चल सका है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक वह संजय की मौसी का लड़का (ममेरा/मौसेरा भाई) बताया जा रहा है। दोनों भाई इस हादसे में गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। हादसे की भयावहता को देखते हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना प्रमुख समाजसेवी विजय प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह की ‘टीम निशा बबलू सिंह’ के सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े टीम के सदस्य बिना एक पल की देरी किए तत्काल मौके पर पहुँचे। टीम के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लहुलूहान युवकों को उठाया और अपनी देखरेख में तुरंत हिंडालको हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार हेतु भर्ती कराया। समय पर अस्पताल पहुँचाए जाने के कारण दोनों घायलों को त्वरित चिकित्सीय सहायता मिल सकी। अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही टीम के सदस्यों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन और घायलों के रोते-बिलखते परिजनों को दी। सूचना पाकर पुलिस टीम और परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुँच गए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मानवीय कार्य की स्थानीय नागरिकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने ईश्वर से दोनों घायल भाइयों के शीघ्र स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच सकुशल वापस लौटने की प्रार्थना की है।









