मनबढ़ युवकों ने दो युवकों को पीटा, सोने की चेन छीनने का आरोप
पूर्वा टाइम्स
गोरखपुर, संवाददाता। गगहा थाना क्षेत्र में दो युवकों के साथ मारपीट और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, गगहा थाना अंतर्गत मिश्रौली निवासी परमेश्वर गौतम पुत्र शिवचंद तथा काशीराव पुत्र रामप्रीत 13 जून 2026 की रात करीब आठ बजे दोपहिया वाहन से श्रीरामपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गए थे। पेट्रोल भरवाकर लौटते समय श्रीरामपुर चौराहे से लगभग 100 मीटर पहले कुछ युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।
पीड़ितों का आरोप है कि युवकों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर मारपीट करने लगे। आरोप है कि हेमंत यादव नामक युवक ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। इसके बाद हेमंत यादव, पन्नेलाल यादव और सोनू यादव सहित अन्य लोगों ने मिलकर दोनों युवकों की पिटाई कर दी।
पीड़ितों के अनुसार, मारपीट के दौरान काशीराव के गले में पहनी सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 1.35 लाख रुपये बताई गई है, छीन ली गई। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
घटना में घायल दोनों युवकों ने उसी दिन गगहा थाने में शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। इसके बाद पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।








