जिलाधिकारी के निर्देश पर अनपरा में मेडिकल एजेंसियों पर छापेमारी, नशीली दवाओं की बिक्री की हुई जांच

संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए गए, अनियमितताओं की रिपोर्ट सहायक आयुक्त औषधि को भेजी जाएगी*

बिना चिकित्सकीय पर्चे के कफ सिरप बेचने पर होगी कठोर कार्रवाई

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जिलाधिकारी के निर्देश पर अनपरा में मेडिकल एजेंसियों पर छापेमारी, नशीली दवाओं की बिक्री की हुई जांच
जनपद सोनभद्र में औषधियों के सुरक्षित एवं वैध विक्रय को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा दिनांक 23 जून 2026 को अनपरा क्षेत्र के डिबुलगंज बाजार एवं रेलवे स्टेशन रोड स्थित विभिन्न मेडिकल एजेंसियों पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई।
संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए गए, अनियमितताओं की रिपोर्ट सहायक आयुक्त औषधि को भेजी जाएगी
निरीक्षण के दौरान सिल्क मेडिकल एजेंसी, जे.एम.के. मेडिकल एजेंसी तथा आर.एस.पी.के. एंटरप्राइज का गहन निरीक्षण किया गया। जे.एम.के. मेडिकल एजेंसी के संचालक मौके पर उपस्थित मिले, जिनकी उपस्थिति में अभिलेखों एवं औषधियों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को निरीक्षण आख्या में अंकित करते हुए सहायक आयुक्त औषधि, मिर्जापुर मंडल को प्रेषित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संदिग्ध प्रतीत हो रही दो औषधियों के नमूने औषधि निरीक्षक सोनभद्र द्वारा जांच एवं परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बिना चिकित्सकीय पर्चे के कफ सिरप बेचने पर होगी कठोर कार्रवाई : प्रशासन
जांच के दौरान कुछ दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी बिल प्रस्तुत नहीं किए जा सके तथा कुछ कालातीत (एक्सपायरी) औषधियां भी पाई गईं। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट सक्षम अधिकारी को भेजी जा रही है। साथ ही जे.एम.के. मेडिकल एजेंसी, आर.एस.पी.के. एंटरप्राइज एवं अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार के कफ सिरप अथवा नियंत्रित औषधियों का विक्रय बिना पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे के न किया जाए। निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा नियमावली, 1945 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध एवं अनियमित औषधि विक्रय के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *