25 हजार का इनामी ठग गिरफ्तार, फर्जी वीजा देकर 23 लाख से अधिक की ठगी

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर करता था धोखाधड़ी, बेलीपार पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई
गोरखपुर। जनपद के बेलीपार थाना क्षेत्र की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी वीजा बनाकर विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलीपार थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वांछित इनामी अभियुक्त शुभम कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। वह बिहार के सिवान जनपद के सिसवन थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना बेलीपार में वर्ष 2023 में धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना से संबंधित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने वादी और अन्य लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे करीब 23 लाख 66 हजार रुपये ठग लिए थे। इसके बाद उन्हें फर्जी वीजा थमा दिया गया।
जब पीड़ित एयरपोर्ट पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि वीजा पूरी तरह फर्जी है। इस पर उन्होंने आरोपी से संपर्क कर पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज कर उन्हें टाल दिया। मामले में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोच लिया। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि वे नौकरी या विदेश भेजने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी का शिकार न बनें।








