मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बैठक आयोजित
मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बैठक आयोजित
माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं ,गाइड लाइन का करें पालन : सत्यनारायण जायसवाल
गोरखपुर। गगहा थाना अंतर्गत आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पूर्वांचल अपराध निरोधक न्यास कार्यालय, जगदीशपुर भलुआन में मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण जायसवाल तथा गगहा थाना प्रभारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण जायसवाल ने संगठन के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ताजिया स्थापना एवं जुलूस के दौरान संगठन की निर्धारित ड्रेस एवं पहचान पत्र के साथ मौजूद रहकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी ताजियादारों से शासन-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांतिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की।
ग्रामीण प्रभारी सूर्यभान पांडे ने विद्युत विभाग से ताजिया मार्गों पर झूलते विद्युत तारों को दुरुस्त कराने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। साथ ही इमाम चौक एवं अन्य ताजिया स्थलों पर साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने की मांग की थाना संयोजक दीपक सिंह ने कहा कि मुहर्रम आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संगठन के पदाधिकारियों अथवा पुलिस प्रशासन को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में पुजारी, शिवकुमार मिश्र, जगत चौधरी, लाल बहादुर गुप्ता, जयप्रकाश चौधरी, मोतीलाल, प्रमोद कुमार मौर्या, ताजुद्दीन अहमद, शेषनाथ चौधरी, संतोष, विनोद कुमार जायसवाल, सोमनाथ मौर्या, प्रदीप त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








