अवैध कब्जा करने वालों पर बेदखली की कार्रवाई शुरू

सहजनवा के तेनुहारी गांव का मामला, राजस्व टीम की जांच में हुआ खुलासा

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

सहजनवा गोरखपुर। सहजनवा सरकारी और सार्वजनिक जमीनों पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने पूरी तरह से कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। ताजा मामला तहसील सहजनवा के अंतर्गत आने वाले ग्राम तेनुहारी से सामने आया है जहा सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर अवैध रूप से पक्का मकान बनाने का बड़ा मामला उजागर हुआ है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय राजस्व टीम द्वारा की गई गहन जांच में यह बात सामने आई कि तेनुहारी निवासी रंगीलाल, गंगाराम और रीता देवी द्वारा पिछले 2 वर्षों से सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर अवैध रूप से पक्का मकान बनाकर कब्जा किया गया था। सार्वजनिक रास्ते का कुल क्षेत्रफल 0.0400 हेक्टेयर है। इसके एक हिस्से यानी भूखण्ड संख्या 103 की करीब 0.0024 हेक्टेयर भूमि पर पक्का निर्माण कर रास्ता बाधित किया गया था। अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद राजस्व टीम ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67(1) के तहत त्वरित कार्रवाई की है। टीम ने अवैध अध्यासियों के खिलाफ भारी वित्तीय जुर्माने की संस्तुति की है।
भूमि प्रबंधक समिति द्वारा आर०सी०प्रपत्र-19 पर तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट को तहसीलदार सहजनवा के समक्ष आवश्यक विधिक कार्रवाई हेतु प्रस्तुत कर दिया गया है। दाखिल की गई इस रिपोर्ट में प्रशासन से मांग की गई है कि सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध करने वाले अतिक्रमणकारियों को अविलंब बेदखल किया जाए और नुकसान की राशि की सख्ती से वसूली की जाए। प्रशासन की इस पैनी कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की जमीनों या रास्तों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *