योग महोत्सव में गोरखपुर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव हुए सम्मिलित

गोरखपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ओम फिटनेस योग संस्थान सेवा साथी फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा नगर निगम परिसर में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोरखपुर के प्रथम नागरिक एवं महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। उनके आगमन पर योग साधकों ने तिलक-चंदन लगाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया।कार्यक्रम के दौरान योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग महोत्सव में सैकड़ों की संख्या में योग साधकों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी आस्था एवं जागरूकता का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन स्वयं के बदलाव से ही संभव है। केवल दिखावे से वह परिवर्तन नहीं आएगा जिसकी कल्पना माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने स्वस्थ एवं सशक्त भारत के रूप में की है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। संस्था के संस्थापक योगी धर्मेश्वर (धर्मेंद्र प्रजापति) ने अपने संबोधन में कहा कि योग को केवल एक दिन या सात दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे 365 दिन का जनआंदोलन बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों को मिलकर योग को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करना चाहिए। योगी धर्मेश्वर ने महापौर जी के समक्ष सुझाव रखते हुए कहा कि गोरखपुर को स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य की भी आवश्यकता है। नगर निगम की प्रचार-प्रसार गाड़ियों एवं विभिन्न प्रमुख ट्रैफिक चौराहों पर लगे साउंड सिस्टम के माध्यम से योग का संदेश नियमित रूप से प्रसारित किया जाए, जिससे प्रत्येक घर तक योग की जानकारी पहुँचे और अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ें।
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता अभियानों के लिए बड़े स्तर पर मंच एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, उसी प्रकार गोरखपुर में एक विशाल योग मंच का आयोजन किया जाए, जिसमें जिले की सभी योग संस्थाएँ, सामाजिक संगठन एवं नागरिक एक साथ जुड़कर योग का ऐतिहासिक संदेश पूरे प्रदेश एवं देश तक पहुँचा सकें। यह सुझाव उन्होंने महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के समक्ष रखा। कार्यक्रम का संचालन जिला महिला प्रभारी श्वेता साहनी ने किया। इस अवसर पर महिला प्रभारी तरुणा चेतनानी, रंजना गौड़, संजय गौड़, सरिता, मीनू, सुभावती, सोहनलाल, गोपाल वर्मा, संतोष श्रीवास्तव, आरिफ समानी, आलोक गुप्ता, राजकुमारी सहित अनेक योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने योग को घर-घर तक पहुँचाने, स्वस्थ समाज के निर्माण तथा गोरखपुर को योग एवं स्वास्थ्य की राजधानी बनाने हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।








