जमीन विवाद में जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

धारदार हथियार व लाठी-डंडों से की थी पिटाई, हत्या के प्रयास का केस दर्ज।

पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा

गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर हत्या का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराधों पर अंकुश लगाने एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा के पर्यवेक्षण में झंगहा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 338/2026 से संबंधित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जवाहर निषाद पुत्र स्व. मुखलाल निषाद और राजकुमार निषाद पुत्र स्व. मुखलाल निषाद, निवासी गहिरा टोला माघीडाडी थाना झंगहा जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं।घटना के संबंध में बताया गया कि 16 जून 2026 को जमीन विवाद को लेकर दोनों आरोपियों ने एकराय होकर वादी पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गंभीर चोटें पहुंचाईं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना झंगहा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *