अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिले में शुरू हुआ योग सप्ताह, सलखन फॉसिल्स पार्क में होगा मुख्य आयोजन.

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जनपद में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी ने बताया कि योग दिवस से एक सप्ताह पूर्व ही जिले के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा सके और उन्हें इसके महत्व से परिचित कराया जा सके। सीडीओ ने बताया कि जिले के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों तथा कलेक्ट्रेट परिसर सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में सामूहिक रूप से योगाभ्यास कराया जा रहा है। इसके माध्यम से लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे सप्ताह तक जारी रहेगा और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन सलखन फॉसिल्स पार्क में बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना है, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
जागृति अवस्थी ने कहा कि योग केवल बीमारियों को दूर करने का साधन नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और फिट जीवनशैली का आधार भी है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि योग की विशेषता यह है कि यह हर व्यक्ति की आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग प्रकार से लाभ पहुंचाता है। किसी रोग से पीड़ित व्यक्ति, सामान्य व्यक्ति अथवा शरीर के किसी विशेष अंग को स्वस्थ रखने के लिए अलग-अलग योगासन निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि योग पूरी तरह भारतीय संस्कृति और परंपरा की देन है, जिसे आज विश्व स्तर पर सम्मान और स्वीकार्यता प्राप्त हो चुकी है। कई देशों में मानसिक स्वास्थ्य और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए योग आधारित कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। यहां तक कि कुछ देशों के अस्पतालों में भी उपचार प्रक्रिया के दौरान योगाभ्यास कराया जाता है। सीडीओ ने जनपदवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *