यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही

नशे में वाहन चलाने वाले 17 चालक दबोचे गए
पूर्वा टाइम्स- डॉ अनिल गौतम
गोरखपुर। पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे के तेनुआ टोल प्लाजा, टी.पी. नगर और नौकायान तिराहा सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग की।अभियान के दौरान सड़क पर चलने वाले आम जनमानस की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर वाहन चालकों की जांच की। इस विशेष अभियान में कुल 674 वाहनों की जांच की गई, जिसमें से 17 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाए गए। पुलिस ने इन सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की।
नशे में वाहन चलाने वालों के अलावा, यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य वाहनों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा,बिना एच.एस.आर.पी. नंबर प्लेट के 15 वाहन, प्रेशर हॉर्न/हूटर के 12 वाहन अवयस्क वाहन चालक के 04 वाहन और मॉडिफाई साइलेंसर का 01 वाहन के विरुद्ध नियमानुसार चालान और सीज की कार्रवाई की गई। इस अभियान को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार राय, यातायात निरीक्षक अजीत कुमार पाण्डेय, टी.आई. वीर बहादुर सिंह सहित यातायात उप-निरीक्षकों और पुलिस कर्मियों की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक यातायात ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम जनता सुरक्षित यात्रा कर सके।








