घर में सेंध लगा कर लाखों की चोरी
गोरखपुर। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के गांव टांडा में हुई चोरी की वारदात ने एक बार फिर ग्रामीणों के बीच भय का माहौल उत्पन्न कर दिया है। अभी पूर्व की चोरियों से लोग उबरे नहीं कि शुक्रवार की रात फिर हुई चोरी से गांव में हड़कंप है।पीड़ित ने थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित हरेश तिवारी ने बड़हलगंज पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बीती रात अज्ञात चोर उनके घर में सेंध लगाकर घुस गए और नगदी सहित लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर में रखे 50 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी तथा बक्सों के ताले टूटे मिले।पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और लिखित तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत होती तो चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।
फिलहाल तहरीर के आधार पर पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन चोरों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी ही पुलिस की कार्यकुशलता की असली परीक्षा होगी। ग्रामीण कह रहे कि देखना है कि पुलिस इस बार चोरी का खुलासा कर पाती है या पिछली हुई चोरियों की तरह यह भी फाइलों में गुम हो जाती है।








