जनगणना-2027 के प्रथम चरण में सोनभद्र का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में प्राप्त किया पांचवां स्थान
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के नेतृत्व में निर्धारित तिथि से पूर्व शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण
जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया एवं जनता का जताया आभार
पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र – जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य” में जनपद सोनभद्र ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के कुशल नेतृत्व, प्रभावी मॉनिटरिंग एवं सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। विशेष बात यह रही कि जनपद ने यह कार्य निर्धारित अंतिम तिथि 20 जून, 2026 से काफी पहले शत-प्रतिशत पूर्ण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी , जनगणना निदेशालय की प्रतिनिधि प्रियासा सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी चार्ज अधिकारी, सूचना विज्ञान अधिकारी, अर्थ एवं संख्याधिकारी, सूचना अधिकारी, समस्त अपर जनगणनाधिकारी तथा इस कार्य में लगे शिक्षकों, राजस्व कर्मियों, हिंडालको एवं ग्रासिम इंडस्ट्रीज़ के स्टाफ सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों को हार्दिक बधाई दी।
जिलाधिकारी ने जनपद के मीडिया प्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं, प्रबुद्ध नागरिकों एवं आमजन द्वारा प्रदान किए गए व्यापक सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सोनभद्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद यह सफलता जनपदवासियों की सहभागिता, टीम भावना और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।









