नशे में धुत पति को शराब पिलाकर जमीन हड़पने का लगाया आरोप, प्रेसवार्ता कर लगाई न्याय की गुहार

गोरखपुर। जनपद के पडरौना तहसील अंतर्गत जंगल गायघाट की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। पीड़ित महिला सुनीता देवी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से आरोप लगाया है कि कुछ दबंग व्यक्तियों ने उनके पति को शराब के नशे में धुत कर उनकी पुश्तैनी जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया है और उन्हें बेदखल करने की धमकी दी जा रही है।
और पीड़ित सुनीता देवी का आरोप है कि अमरनाथ वर्मा और सुधा वर्मा ने एक सोची-समझी साजिश के तहत उनके पति नन्दलाल चौहान को शराब के नशे में बहला-फुसलाकर 8 मई 2025 को बिना किसी प्रतिफल के उनकी पुश्तैनी जमीन का बैनामा सुधा वर्मा के नाम करवा लिया। आरोप है कि आरोपियों ने इस जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है और अब वे महिला के घर और मकान से भी उन्हें बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं।
अमरनाथ वर्मा द्वारा उनके पति पर फर्जी घटना दिखाकर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
परिवार को जान से मारने की धमकी पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी पक्ष की ओर से उन्हें और उनके परिवार को जमीन छोड़ने के लिए लगातार धमकाया जा रहा है। उन्हें धमकी दी जा रही है कि यदि उन्होंने जमीन नहीं छोड़ी, तो पूरे परिवार को जिंदा जला दिया जाएगा।
सुनीता देवी ने जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।








