बाढ़ नियंत्रण एवं बचाव को लेकर उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश की अंतर्राज्यीय बैठक सम्पन्न

मेजा एवं अदवा बांध से 80 हजार क्यूसेक से अधिक पानी न छोड़ने तथा पूर्व सूचना साझा करने पर बनी सहमति

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -वर्षा काल के दौरान बाढ़ से जन-धन की सुरक्षा एवं प्रभावी बाढ़ प्रबंधन के उद्देश्य से अष्टभुजा निरीक्षण गृह, मिर्जापुर में विन्ध्याचल मण्डल के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश एवं रीवा मण्डल के मण्डलायुक्त बी.एस. जामोद की सह-अध्यक्षता में संयुक्त अंतर्राज्यीय बाढ़ नियंत्रण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सोनभद्र, मिर्जापुर, रीवा एवं मऊगंज जनपदों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए बाढ़ राहत एवं बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी सोनभद्र वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण एवं राहत कार्यों हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा बांधों से पानी छोड़े जाने से पूर्व संबंधित राज्यों के अधिकारियों को समय से सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में मेजा, अदवा एवं सिरसी जलाशयों के संचालन पर चर्चा करते हुए यह सहमति बनी कि मेजा एवं अदवा बांध से 80 हजार क्यूसेक से अधिक पानी न छोड़ा जाए तथा जल छोड़ने से पूर्व व्हाट्सएप एवं दूरभाष के माध्यम से सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, वायरलेस सिस्टम एवं व्हाट्सएप ग्रुप को सक्रिय रखते हुए दोनों राज्यों के बीच सतत समन्वय बनाए रखने पर बल दिया, ताकि बाढ़ की किसी भी संभावित स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *