जिलाधिकारी ने किया आपदा जागरूकता पोस्टर का विमोचन

आपदा प्रबंधन में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका

विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे पोस्टर

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आपदा जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से होने वाली जनहानि और संपत्ति की क्षति को कम करने के लिए नागरिकों का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आपदा जागरूकता पोस्टरों को जनपद के विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सरकारी उचित दर (राशन) की दुकानों, नगर निकायों, विकास खंडों एवं तहसील परिसरों सहित अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि पोस्टरों के माध्यम से लोगों को भूकंप, आंधी-तूफान, बाढ़, बिजली गिरने तथा अन्य आपदाओं से बचाव के उपायों, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जागरूक एवं प्रशिक्षित नागरिक आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों की सहायता कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी ओंकार नाथ, जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण यादव, आपदा सहायक शिवमूरत भीमराव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *