जिलाधिकारी के निर्देशन में आपदा जागरूकता अभियान तेज, ग्राम पंचायतों में कराई जा रही वॉल राइटिंग एवं सुरक्षा उपाय -आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, जनपदभर में चल रहा विशेष जागरूकता अभियान

जनसुरक्षा सर्वोपरि: जिलाधिकारी के निर्देशन में आपदा बचाव के लिए व्यापक अभियान

सावधानी ही सुरक्षा: ग्राम पंचायतों तक पहुंचा आपदा जागरूकता

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -जनपद में आपदा से होने वाली जनहानि एवं दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत सचिवालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर आपदा से बचाव संबंधी क्या करें और क्या न करें विषयक वॉल राइटिंग कराई जा रही है, ताकि आमजन को संभावित प्राकृतिक एवं अन्य आपदाओं के प्रति जागरूक किया जा सके। इसी क्रम में ग्राम पंचायतों में खुले पड़े कुओं, गड्ढों एवं अन्य खतरनाक स्थलों को जाली एवं सुरक्षा कवच के माध्यम से ढकने की कार्रवाई भी व्यापक स्तर पर की जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। इसके अतिरिक्त नदी, तालाब, पोखरों एवं अन्य जलाशयों के आसपास, जहां डूबने की घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, वहां चेतावनी बोर्ड एवं सुरक्षा संबंधी सूचनात्मक संकेतक लगाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि आंधी-तूफान, बिजली गिरने, बाढ़, जलभराव एवं डूबने जैसी आपदाओं से बचाव हेतु शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें, नदी, तालाब, पोखरे, झरना, चेकडैम, बान्ध आदि स्थल जहॉ पर डूबने से सम्बन्धित अधिक शिकायतें प्राप्त होती है उन स्थानों पर जाने पर सुरक्षा नियमों को पालन करे। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों एवं विद्युत पोलों से दूर रहें, अनावश्यक रूप से जलाशयों में प्रवेश न करें तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है तथा मानव जीवन की रक्षा की जा सकती है। जनपद प्रशासन आपदा प्रबंधन एवं जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार आवश्यक कदम उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *