आकाशीय विद्युत एवं डूबने की घटनाओं में मृतकों के परिजनों को राहत सहायता राशि स्वीकृत –

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आपदा से बचाव हेतु जनपदवासियों से की सतर्क रहने की अपील

पूर्वा टाइम्स – समाचार
सोनभद्र -जनपद में आकाशीय विद्युत एवं डूबने की घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को शासन द्वारा निर्धारित अहैतुक सहायता राशि प्रदान किए जाने की कार्यवाही तेजी से की जा रही है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि आकाशीय विद्युत की चपेट में आने से मृत अंशिका पुत्री रमाशंकर निवासी ग्राम नौगवांनंदलाल, घोरावल तथा आंचल पुत्री विनोद निवासी ग्राम बसदेवा, रॉबर्ट्सगंज के पोस्टमार्टम उपरांत उनके परिजनों के खातों में 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।
इसी प्रकार डूबने की घटना में मृत पीयूष पुत्र मिथलेश निवासी ग्राम कोटा, दुद्धी एवं पवन कुमार पुत्र मुखलाल निवासी नैकहा, ओबरा के परिजनों को भी 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। कृष्ण निषाद पुत्र अरविन्द निषाद निवासी रोगही, कोन तथा अंकित कुमार पुत्र उदय निवासी ग्राम कोटा, दुद्धी के पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराई जा रही हैं, जिसके बाद उनके परिजनों को भी सहायता राशि प्रदान कर दी जाएगी।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि आंधी-तूफान, तेज बारिश एवं आकाशीय विद्युत के दौरान घरों से बाहर न निकलें, पेड़ों, बिजली के खंभों एवं खुले स्थानों से दूर रहें। नदी, तालाब, पोखरों एवं जलाशयों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखें। किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देकर सुरक्षित स्थान पर रहें। जनसहभागिता एवं सतर्कता से ही जनहानि को रोका जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *