बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजे जा रहे 25 गोवंश बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, चार फरार.पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
सोनभद्र -गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोन पुलिस ने रविवार तड़के 25 गोवंश को सकुशल बरामद किया। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, गोवंशों को बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल वध के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:50 बजे रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तस्कर बड़ी संख्या में गोवंशों को पैदल हांककर बिहार की ओर ले जा रहे हैं। पुलिस टीम ने अमिलाधाम गरवान मार्ग के पास बहदौरा झरिया में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चार आरोपी फरार हो गए, जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम विचार (45) पुत्र स्वर्गीय मनोहर, निवासी बेलछ, थाना चोपन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गोवंशों को रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और मिर्जापुर सीमा से सटे ग्रामीण इलाकों से कम कीमत पर खरीदकर बेलछ में एकत्र किया जाता था। इसके बाद जंगल और पहाड़ी रास्तों से पैदल बिहार पहुंचाया जाता था, जहां से पश्चिम बंगाल भेजने की योजना थी। पुलिस ने बरामद 25 गोवंशों में आठ बैल, तीन बछड़े, आठ गाय और छह बछिया शामिल बताई हैं। मामले में थाना कोन पर गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

