रेणुकूट (सोनभद्र) गरीबों के मसीहा स्व. शिवप्रताप सिंह बब्लू को इंसाफ दिलाने के लिए सड़कों पर उतरा जनसैलाब हत्यारे खुलेआम घूम रहे बाहर
हत्यारों को सजा दो, कब मिलेगा इंसाफ हाथों में मोमबत्ती और आंखों में आंसू-आक्रोश लेकर रेणुकूट की सड़कों पर उमड़ा हजारों का जनसमूह
एक किलोमीटर लंबी कतारों में शामिल हुईं महिलाएं और बुजुर्ग बबलू सिंह के परिजनों पर झूठे मुकदमों और हमलों की साजिश का आरोप
बेल पर बाहर आकर हत्यारोपियों द्वारा धौंस जमाने और नियम उल्लंघन से जनता में भारी आक्रोश पीड़ित परिवार के लिए सुरक्षा की पुरजोर मांग
पूर्वा टाइम्स – ब्यूरो
रेणुकूट – सोनभद्र जनपद के रेणुकूट क्षेत्र में गरीबों के मसीहा और जनप्रिय नगर पंचायत अध्यक्ष रहे शिवप्रताप सिंह उर्फ बब्लू सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर न्याय की मांग को लेकर एक विशाल और ऐतिहासिक कैंडल मार्च निकाला गया। रेणुकूट की सड़कों पर उतरी आम जनता और उनके चाहने वालों के दिलों का दर्द, आंखों में आंसू और आक्रोश साफ झलक रहा था। हर शख्स की जुबान पर एक ही सवाल और नारा गूंज रहा था हत्यारों को सजा दो, कब मिलेगा इंसाफ। सोनभद्र के कोने-कोने से स्व. शिवप्रताप सिंह बब्लू सिंह को चाहने वाले हजारों की संख्या में लोग रेणुकूट की सड़कों पर उतरे। देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर लगभग एक किलोमीटर तक जनसैलाब की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हाथों में मोमबत्ती जलाए चल रहे समर्थकों के कारण कुछ घंटों के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। इस कैंडल मार्च में समाज के हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष रूप से बड़ी संख्या में मातृशक्ति, गोद में छोटे-छोटे बच्चे लिए महिलाएं और बुजुर्ग भी इस न्याय यात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला—एक बुजुर्ग महिला जो ठीक से चल भी नहीं पा रही थी, लाठी के सहारे सड़क पर उतरकर स्व. बबलू सिंह के लिए इंसाफ की गुहार लगाती नजर आई। बबलू सिंह के प्रति जनता का अगाध प्रेम और इंसाफ पाने की जिद हर किसी की आंखें नम कर रही थी। कैंडल मार्च के दौरान जब मीडियाकर्मियों ने जनसैलाब में शामिल लोगों से बात की, तो हर किसी के सीने में इंसाफ की आग सुलग रही थी। लोगों का एक ही जवाब था। आखिर हमारे चहेते नेता के हत्यारों को कठोर सजा कब मिलेगी। जब इस संबंध में स्व. बबलू सिंह के परिजनों से बात की गई, तो एक गंभीर सच्चाई सामने आई। परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के आरोपी जमानत (बेल) पर बाहर आने के बाद अब खुलेआम घूम रहे हैं और न्यायालय के नियमों का सरेआम उल्लंघन कर रहे हैं। आरोप है कि बाहर आकर वे लगातार पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने, फिर से हमला करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की गहरी साजिश रच रहे हैं। जनता से बातचीत के दौरान स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष एक अहम मांग रखी। लोगों का कहना था कि स्व. बबलू सिंह के पूरे परिवार को प्रशासन द्वारा तत्काल पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जानी चाहिए, ताकि वे भयमुक्त होकर समाज के बीच आ सकें और अपने सामाजिक कार्य जारी रख सकें। वर्तमान में परिवार और क्षेत्र के सामाजिक लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है कि कहीं आरोपियों द्वारा फिर से कोई अप्रिय घटना न घटा दी जाए। उपस्थित जनता ने चेतावनी दी कि यदि अपराधियों पर शिकंजा कसकर पीड़ित परिवार को जल्द न्याय और सुरक्षा नहीं दी गई, तो यह जनआंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है। जनता अब शांत बैठने वाली नहीं है।


