तहसील स्तरीय कुश्ती का आयोजन, मेजबान कॉलेज बना तहसील चैंपियन
पूर्वा टाइम्स -बेचन शर्मा
सहजनवा गोरखपुर। इंटर कॉलेज खानिमपुर में गुरुवार को हुई तहसील स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में दांव-पेंच का रोमांच देखने को मिला। मेजबान कॉलेज द्वारा शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बना गया।
कुश्ती का शुभारंभ गीडा थाने के एसआई अनूप वर्मा और प्रधानाचार्य ध्रुव कुमार चंद्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
प्रतियोगिता में मेजबान इंटर कालेज खानिमपुर के छात्र सागर शर्मा द्वारा गांधी इंटर कालेज हरपुर बूदहट के छात्र अमन पांडेय को आसमान दिखाया गया।
बालिका वर्ग अंडर 17 की 57 किलोभार वर्ग में इंटर कालेज खानिमपुर की छात्रा आरूषि राव द्वारा रेशमा रावत इंटर कालेज भीटी की छात्रा नीलम यादव को पटखनी दी गई। अंडर 17 के 45 किलोभार वर्ग में निखिल शर्मा खानिमपुर के छात्र ने मुरारी इंटर कालेज के छात्र सुमित को पटखनी दी। बालिका वर्ग के अंडर 19 में 46 किलोभार में छात्रा सीतू इंटर कालेज खानिमपुर द्वारा भोलाराम मस्करा कालेज की छात्रा नीतू को पटखनी दी गई। अंडर 17 के 60 किलो भारवर्ग में मुरारी इंटर कालेज सहजनवां के विकास को वॉकओवर मिला। मंच संचालन विपिन कुमार सिंह ने किया। प्रतियोगिता की अध्यक्षता प्रधानाचार्य ध्रुव कुमार चंद्रा ने की। आयोजक ध्रुव कुमार चंद्रा द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान खेल शिक्षक अनिल कुमार राय, शैलेन्द्र सिंह, उपेंद्र सिंह, हृदेश रावत, प्रियंका पांडेय, शंभू नाथ यादव सहित सभी छात्र छात्रा और शिक्षक मौजूद रहे।

