खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर सोन नदी, तटवर्ती बस्तियों में पहुंचे डीएम-एसपी

चोपन में नदी किनारे बस्तियों का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा एवं सतर्कता व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश, तटवर्ती क्षेत्रों की होगी सतत निगरानी

नदी तट व तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें नागरिक—जिलाधिकारी

पूर्वा टाइम्स – समाचार

सोनभद्र -लगातार हो रही भारी वर्षा से सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए खतरे के निशान से 44 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चोपन में सोन नदी के किनारे स्थित बस्तियों का औचक निरीक्षण कर जमीनी स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नदी के बढ़ते जलस्तर, तटवर्ती बस्तियों की स्थिति एवं संभावित संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी किनारे एवं निचले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा नागरिकों को समय-समय पर बढ़ते जलस्तर के प्रति सचेत किया जाए।
जिलाधिकारी ने नदी तट के संवेदनशील एवं आवागमन वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने और सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी व्यक्ति नदी के किनारे अथवा तेज बहाव वाले क्षेत्र में न जाए। साथ ही आवश्यकता की स्थिति में राहत एवं बचाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं तत्पर रखे जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतें। नदी तट, तेज बहाव एवं जलप्रवाह वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा बच्चों एवं पशुओं को भी इन क्षेत्रों से दूर रखें। प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
जिला प्रशासन द्वारा सोन नदी के जलस्तर एवं तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर पूरी सतर्कता के साथ निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, सीओ सदर रणधीर मिश्रा, ईओ नगर पंचायत चोपन सहित संबंधित अधिकारियों उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *